ख़बरें

मुंबई इंडियंस के कप्तान होंगे हार्दिक पंड्या

हार्दिक ने रोहित शर्मा की जगह ली जिन्‍होंने टीम को पांच आईपीएल ख़‍िताब जिताए

Hardik Pandya's season in IPL 2021 didn't go as well as expected, Sunrisers Hyderabad vs Mumbai Indians, IPL 2021, Abu Dhabi, October 8, 2021

कुछ समय पहले ही मुंबई ने हार्दिक को गुजरात से ट्रेड किया था  •  BCCI

आईपीएल 2024 में हार्दिक पंड्या मुंबई इंडियंस के कप्‍तान होंगे, उन्‍होंने रोहित शर्मा की जगह ली है जिन्‍होंने मुंबई को पांच आईपीएल ख़ि‍ताब जिताए, जो टूर्नामेंट के इतिहास में चेन्‍नई सुपर किंग्‍स के कप्‍तान महेंद्र सिंह धोनी के साथ संयुक्‍त रूप से सबसे सफल कप्‍तान का रिकॉर्ड है।
नेतृत्‍वकर्ता में यह बदलाव एक महीने से भी कम समय में आया है जब मुंबई ने गुजरात टाइटंस से हार्दिक को ट्रेड किया था। मुंबई ने कहा है कि उन्‍होंने यह फ़ैसला भविष्‍य के लिए तैयार रहने को लेकर लिया है।
मुंबई के ग्‍लोबल प्रदर्शन प्रमुख महेला जयावर्दना ने कहा, "यह विरासत निर्माण और भविष्य के लिए तैयार रहने के लिए लिया गया निर्णय है। मुंबई को हमेशा से ही सर्वश्रेष्‍ठ कप्‍तान मिले हैं, जिसमें सचिन तेंदुलकर से लेकर हरभजन सिंह, रिकी पोंटिंग से लेकर रोहित, जिन्‍होंने सफलता तो दिलाई ही बल्कि भविष्‍य के लिए टीम भी तैयार की। इसी को देखते हुए मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2024 के लिए हार्दिक पंड्या को कप्‍तान बनाया है।"
"हम रोहित को शानदार कप्‍तानी करने के लिए धन्‍यवाद देते हैं। उन्‍होंने 2013 में कप्‍तान बनने के बाद कमाल का काम किया है। उन्‍होंने ना सिर्फ़ टीम को सफलता दिलाई बल्कि आईपीएल इतिहास के बेहतरीन कप्‍तान में से एक भी बने।"
"उनके नेतृत्‍व में मुंबई इंडियंस सबसे सफल और सबसे अधिक प्‍यार करने वाली टीम बनी। हम मुंबई को और मज़बूत करने के लिए मैदान के अंदर और बाहर उनके मार्गदर्शन और अनुभव की प्रतीक्षा करेंगे। हम हार्दिक पंड्या का मुंबई के नए कप्तान के रूप में स्वागत करते हैं और उन्हें शुभकामनाएं देते हैं।"
कुल मिलाकर, रोहित ने आईपीएल और चैंपियंस लीग टी20 में 163 बार मुंबई का नेतृत्व किया, जिसमें 91 जीते, चार टाई रहे और 68 हारे। उनके नेतृत्व में मुंबई 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में पांच आईपीएल फ़ाइनल में पहुंची और सभी जीते। हालांकि पिछले तीन सीज़न मुंबई के लिए कम सफल रहे हैं। वे 2021 और 2022 में प्लेऑफ़ में जगह बनाने में विफल रहे, और दूसरे क्वालीफ़ायर में टाइटंस से हार के साथ 2023 टूर्नामेंट से बाहर हो गए।
हालांकि यह घटनाक्रम कुछ लोगों के लिए आश्चर्य की बात हो सकती है, लेकिन जब मुंबई ने टाइटंस से हार्दिक को ट्रेड किया तो उसके पास एक स्पष्ट योजना थी। फ़्रैंचाइज़ी ने हार्दिक को रोहित के उत्तराधिकारी के रूप में पहचाना था और अतीत की तरह एक सुचारु परिवर्तन सुनिश्चित करना चाहती थी, जब कप्तानी की कमान सचिन तेंदुलकर से हरभजन सिंह और फिर रिकी पोंटिंग से रोहित के पास चली गई थी।
पता चला है कि रोहित आईपीएल में मुंबई के लिए खेलना जारी रखेंगे।
यह देखना बाक़ी है कि क्या मुंबई में कप्तानी में बदलाव होने के बाद क्‍या भारत की T20आई टीम में भी इस तरह का बदलाव होगा। रोहित वर्तमान में भारत के सभी प्रारूपों के कप्तान हैं, लेकिन ऑस्ट्रेलिया में 2022 टी20 विश्व कप के सेमीफ़ाइनल में हार के बाद से उन्होंने कोई टी20आई नहीं खेला है। उस समय में हार्दिक ने उपलब्ध होने पर प्रारूप में भारत की कप्तानी की है। उन्होंने पिछले 25 टी20आई में से 13 में टीम का नेतृत्व किया है, लेकिन हाल ही में वनडे विश्व कप के दौरान लगी टखने की चोट के कारण वह फिलहाल एक्शन से बाहर हैं। मुंबई इंडियंस के एक अन्य खिलाड़ी सूर्यकुमार यादव ने साउथ अफ़्रीका में हाल ही में समाप्त हुई T20आई श्रृंखला में भारत की कप्तानी की।