156 की गति, IPL डेब्यू पर दमदार प्रदर्शन, जानें कौन हैं मयंक यादव
21 साल के तेज़ गेंदबाज़ ने IPL डेब्यू पर चटकाए 3 विकेट
नीरज पाण्डेय
30-Mar-2024
मयंक यादव ने किया धमाकेदार डेब्यू • BCCI
IPL डेब्यू कर रहे 21 साल के मयंक यादव ने पहली ही गेंद 147 किमी/घंटे की रफ्तार से फेंकते हुए सभी को चौंका दिया। पारी का 10वां ओवर लेकर आए मयंक ने जॉनी बेयरस्टो को पहली ही गेंद यॉर्कर मारी थी। मयंक ने इस ओवर की तीसरी गेंद 150 की रफ्तार से फेंकी और दिखाया कि उनके पास रफ्तार का खजाना है। मयंक ने पहले ओवर में लगातार 145 की रफ्तार को पार किया और ऐसा लगा कि भारत को एक और रफ्तार बादशाह मिल गया है। मयंक ने डेब्यू मैच में चार ओवर में केवल 27 रन खर्च करते हुए तीन विकेट हासिल किए।
अपने दूसरे ओवर में तो मयंक ने 155 के मार्क को भी पार कर दिया था। मयंक को तीनों विकेट भी गति के कारण ही मिले। बेयरस्टो को 141 की रफ्तार से शॉर्ट गेंद पर पुल करने का आमंत्रण देते हुए मयंक ने पवेलियन का रास्ता दिखाया। प्रभसिमरन सिंह का विकेट भी मयंक को उनकी गति के कारण ही मिला था। 147 की रफ्तार से डाली गई शॉर्ट पिच गेंद को पुल करने गए प्रभसिमरन पूरी तरह गति से बीट हुए और गेंद बल्ले पर सही से आई ही नहीं। 141 की रफ्तार वाली शॉर्ट गेंद पर जितेश शर्मा को भी उन्होंने अपना शिकार बनाया था। तीनों ही विकेट कैच आउट के रूप में आए।
पिछले साल हुए अंडर-23 कर्नल सीके नायडु में मयंक ने जोरदार प्रदर्शन किया था और छह मैचों में ही 15 विकेट अपने नाम किए थे। इसमें छत्तीसगढ़ के ख़िलाफ़ एक ही मैच में उन्होंने पांच विकेट चटकाए थे। इसके अलावा बल्ले से भी उन्होंने 66 रनों का योगदान दिया था।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफ़ी 2023-24 में भी मयंक ने प्रभावी प्रदर्शन किया था। टूर्नामेंट के चार मैचों में मयंक ने पांच विकेट लिए थे और यहां उनकी इकॉनमी 6.5 से भी कम रही थी। इसके अलावा विजय हजारे ट्रॉफ़ी में भी उन्होंने पांच मैचों में छह विकेट अपने नाम किए थे। 2023 देवधर ट्रॉफ़ी में नॉर्थ जोन के लिए खेलते हुए मयंक ने पांच मैचों में 12 विकेट हासिल किए थे। ये विकेट 17.58 की औसत और छह से भी कम की इकॉनमी से आए थे।
मयंक के करियर की बात करें तो वह दिल्ली के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं और अब तक केवल एक ही फ़र्स्ट क्लास मैच खेले हैं। मयंक ने 17 लिस्ट-ए और 10 टी20 मैच खेले हैं। लिस्ट-ए में मयंक के नाम 34 विकेट दर्ज हैं और उनकी इकॉनमी भी 5.35 की रही है। टी20 में मयंक ने 6.44 की शानदार इकॉनमी के साथ 12 विकेट हासिल किए हैं।