मैच (23)
MLC (1)
ENG v WI (1)
IRE vs ZIM (1)
Men's Hundred (2)
एशिया कप (2)
विश्व कप लीग 2 (1)
Canada T20 (4)
Women's Hundred (2)
TNPL (3)
One-Day Cup (5)
SL vs IND (1)
ख़बरें

आईपीएल ऑक्शन 2022 : बुमराह के साथ मुंबई के लिए खेलेंगे जोफ़्रा आर्चर

लियम लिविंगस्टन को पंजाब किंग्स ने दिए साढ़े 11 करोड़

इस बड़ी नीलामी से बस इतना ही। आशा करते हैं आपको हमारी लाइव कवरेज पसंद आई होगी। इसी तरह क्रिकेट से जुड़ी ख़बरें हम हिंदी भाषा में आप तक लेकर आते रहेंगे। फ़िलहाल के लिए मुझे दीजिए इजाज़त। शुभ रात्रि।
आईपीएल 2022 की बड़ी नीलामी का यह अंतिम चरण होगा। कुल 23 खिलाड़ी इस सूची का हिस्सा होंगे। पहले दो खिलाड़ी मोहम्मद नबी, अमन ख़ान और उमेश यादव जाएंगे कोलकाता। राजस्थान ने ख़रीदा रासी वान दर दुसें, डैरिल मिचेल, नेथन कुल्टर-नाइल और जिमी नीशम को। इशांत शर्मा, ऐंड्रयू टाय, रोहन कदम, समीर रिज़वी, शिवांक वशिष्ठ, राहुल चंद्रोल, आकाश मधवाल, कुलवंत खेजरोलिया और क़ैस अहमद अनसोल्ड ही रहेंगे। अंडर-19 विश्व विजेता विकी ओस्तवाल खेलेंगे दिल्ली के लिए। सिद्धार्थ कौल और लवनिथ सिसोदिया खेलेंगे बेंगलुरु के लिए। बी साई सुदर्शन बने गुजरात के नए टाइटन। फ़ेबियन ऐलेन के साथ आर्यन जुयाल गए मुंबई। 2 करोड़ में आरसीबी के पास गए डेविड विली। और इसी के साथ आईपीएल 2022 की बड़ी नीलामी हुई समाप्त।

इसी बीच कल स्वास्थ्य समस्या से जूझने वाले नीलामकर्ता ह्यू एडमीड्स अपने सही स्थान पर वापस लौट आए। कमरे में मौजूद हर व्यक्ति ने उनके लिए तालियां बजाई। भरत शर्मा, ख़िज़र दाफ़ेदार, रोहण राणा और डुआन यानसन रहे अनसोल्ड। मुंबई ने ख़रीदा अर्जुन तेंदुलकर को। शुभम गढ़वाल गए राजस्थान के पास। अब नीलामी के अंतिम चरण के लिए सभी टीमों अपनी पसंद के कुछ नाम प्रस्तुत करेंगी जिनपर बोलियां लगाई जाएगी।

इसके बाद त्वरित नीलामी के दूसरे चरण के लिए टीमें अपनी पसंद के 5-7 नाम देंगी और उन खिलाड़ियों की नीलामी होगी। याद रखिए सभी टीमों के लिए कम से कम 18 खिलाड़ी ख़रीदना अनिवार्य है। 69 खिलाड़ियों पर बोली लगाई जाएगी। सुरेश रैना इस सूची का हिस्सा नहीं होंगे।
डेविड मिलर को दोबारा ख़रीदने में दिलचस्पी दिखाई राजस्थान ने लेकिन गुजरात को पछाड़ नहीं पाए। 3 करोड़ में गुजरात के लिए खेलेंगे मिलर। शाकिब अल हसन, जिमी नीशम, क़ैस अहमद, हरनूर सिंह, मुज्तबा युसूफ़ और उमेश यादव रहे अनसोल्ड। कोलकाता को सैम बिलिंग्स के रूप में मिल गया अपना विकेटकीपर। 1 करोड़ 90 लाख में ऋद्धिमान साहा गुजरात के लिए कीपिंग करेंगे। 2 करोड़ 40 लाख में टाइटंस ने मैथ्यू वेड को भी ख़रीद लिया। सी हरि निशांत और नारायण जगदीशन खेलेंगे चेन्नई के लिए। मुंबई ने बेस प्राइस में अनमोलप्रीत सिंह को अपना अनमोल खिलाड़ी बनाया। विष्णु विनोद को हैदराबाद ने दिए 50 लाख। दक्षिण भारतीय प्रतिद्वंद्वी बेंगलुरु को मात देते हुए चेन्नई ने क्रिस जॉर्डन को अपने साथ जोड़ा।
शेल्डन कॉट्रेल, रहमानउल्लाह गुरबाज़, बेन मैक्डरमट, रीस टॉप्ली, ऐंड्रयू टाय, तन्मय अग्रवाल, समीर रिज़वी, साई सुदर्शन और चरिथ असलंका में इस बार भी किसी ने रुचि नहीं दिखाई। लुंगी एनगिडी 50 लाख में खेलेंगे दिल्ली के लिए। लेग स्पिनर कर्ण शर्मा जाएंगे बेंगलुरु और कुलदीन सेन चले राजस्थान। डेढ़ करोड़ में कोलकाता के लिए खेलेंगे ऐलेक्स हेल्स। लखनऊ ने ख़रीदा एविन लुइस और मयंक यादव को। पूरी कोशिश करने के बावजूद घरेलू खिलाड़ी करुण नायर को नहीं ख़रीद पाई आरसीबी, राजस्थान रॉयल्स की जर्सी में नज़र आएंगे। ग्लेन फ़िलिप्स खेलेंगे सनराइज़र्स के लिए और उनके कीवी साथी टिम साइफ़र्ट जाएंगे दिल्ली। पंजाब किंग्स ने ख़रीद लिया नेथन एलिस और अथर्व तायड़े को। फ़ज़ल हक़ फ़ारूक़ी जाएंगे चारमीनार की नगरी। रमनदीप सिंह को मुंबई के रूप में मिल गया ख़रीदार।
ध्रुव जुरेल, कुलदीप यादव और तेजस बरोका को अपना खिलाड़ी बनाया राजस्थान ने। भानुका राजापक्षा श्रीलंका से सीधे जाएंगे पंजाब। मोज़ेस ऑनरिकेज़, स्कॉट कुग्लाइन, केन सिचर्ड्सन, कॉलिन मनरो, अतीत शेठ, उत्कर्ष सिंह, मथीशा पथिराना, ब्लेसिंग मुज़ाराबानी, शिवांक वशिष्ठ, प्रत्यूष सिंह, एराल्ड कट्ज़े और अकील हुसैन अनसोल्ड। वरुण ऐरन और गुरकीरत सिंह मान गए गुजरात की बात। डेढ़ करोड़ में कोलकाता के लिए खेलेंगे टिम साउदी। राहुल बुद्धि और ऋतिक शौकीन खेलेंगे मुंबई के लिए। बेनी हॉवेल को ख़रीदा पंजाब ने। रमेश कुमार गए रसगुल्ले के शहर कोलकाता। शुभम शर्मा, भरत शर्मा और चिंतला रेड्डी अनसोल्ड। के भगत वर्मा जाएंगे चेन्नई सुपर किंग्स के पास।

त्वरित नीलामी के बाद सांस लेने का मौक़ा मिलेगा टीमों को और हमें भी। छोटे ब्रेक के बाद नीलामी फिर शुरू होगी। मार्टिन गप्टिल, बेन कटिंग, पवन नेगी, रॉस्टन चेज़ और भानुका राजापक्षा को नहीं मिला कोई ख़रीदार। शॉन ऐबट के लिए पंजाब किंग्स का सामना करते हुए हैदराबाद ने ख़र्च किए 2 करोड़ 40 लाख। इसी रक़म पर गुजरात ने अल्ज़ारी जोसेफ़ को ख़रीदा। धवल कुलकर्णी, राहुल बुद्धि, लॉरी एवंस, बेनी हॉवेल, हेडन कर, सौरभ कुमार, शम्स मुलानी, ध्रुव पटेल और केन रिचर्ड्सन रहे अलसोल्ड। मुंबई ने रायली मेरेडिथ को करोड़पति बनाया। लखनऊ के सुपर जायंट बने करण शर्मा, काइल मेयर्स और आयुष बदोनी। बेंगलुरु के अनीश्वर गौतम को घर की टीम बेंगलुरु ने ख़रीदा।
कोलकाता के लिए खेलेंगे बाबा इंद्रजीत और चमिका करुणारत्ना। डेविड वीसा, केन्नार लुइस, बी आर शरत, सुशांत मिश्रा, डेविड विली, ब्लेसिंग मुज़ाराबानी, कौशल तांबे और अतीत शेठ को नहीं मिला कोई ख़रीदार। रविकुमार समर्थ खेलेंगे हैदराबाद के लिए। अभिजीत तोमर 40 लाख में गए केकेआर के पास। प्रदीप सांगवान बने गुजरात के टाइटन। मुकेश कुमार सिंह, निनाद रथवा, अमित अली, ललित यादव, आशुतोष शर्मा और ऋतिक शौकीन में किसी ने रुचि नहीं दिखाई। प्रथम सिंह बने कोलकाता के बाबू मोशाय। वहीं पंजाब ने ख़रीदा अंश पटेल, बलतेज ढांडा और ऋतिक चैटर्जी को। शशांक सिंह और सौरभ दुबे खेलेंगे हैदराबाद के लिए। मुंबई इंडियंस के नए प्लेयर बने मोहम्मद अरशद। 55 लाख में राजस्थान के रजवाड़े बने अनुनय सिंह और अशोक शर्मा। इसे के साथ त्वरित नीलामी का पहला चरण समाप्त हुआ।

हिमाचल प्रदेश के वैभव अरोड़ा की तेज़ गेंदबाज़ी के दीवाने हुए केकेआर और पंजाब। 2 करोड़ चुकाने पड़े पंजाब को उनके लिए। मुकेश चौधरी गए चेन्नई और रसिक सलाम को ख़रीदा कोलकाता ने। बेन ड्वारश्विस, तेजस बरोका, मयंक यादव, युवराज चुडासमा, एस मिधुन और पंकज जसवाल नहीं बिके। मोहसिन ख़ान को लखनऊ ने ख़रीदा। हैदराबाद के चामा मिलिंद खेलेंगे बेंगलुरु के लिए। लेग स्पिनर प्रशांत सोलंकी 1 करोड़ 20 लाख लेकर जाएंगे चेन्नई
सिंगापूर में जन्में अनकैप्ड ऑलराउंडर टिम डेविड चर्चे में थे। इसलिए कोलकाता, दिल्ली और लखनऊ के बीच जमकर बोलियां लग रही हैं। राजस्थान और मुंबई को भी पसंद आए टिम और इसलिए उनका दाम बढ़ता ही जा रहा है। सवा आठ करोड़ में मुंबई इंडियंस ने ख़रीदा टिम डेविड को। प्रवीण दुबे के पीछे भागी दिल्ली और आधे करोड़ में उन्हें घर ले आई। प्रेरक मांकड़ को पंजाब ने बनाया अपना शेर वहीं आरसीबी के पास वापस जाएंगे सुयश प्रभुदेसाई। साई सुदर्शन, आर्यन जुयाल, ध्रुव जुरेल, प्रशांत चोपड़ा, अथर्व तायड़े और रमनदीप सिंह को किसी ने नहीं ख़रीदा।

त्वरित नीलामी में कुल 106 खिलाड़ियों पर बोली लगाई जाएगी। इस समय मुंबई इंडियंस के पास सर्वाधिक 23.70 करोड़ की राशि है वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स के पास केवल 3 करोड़ 30 लाख रुपये शेष है। त्वरित नीलामी का पहला नाम है फ़िन ऐलेन। राजस्थान के रॉयल्स को हराकर बेंगलुरु ने अपना रॉयल चैलेंजर बनाया उन्हें 80 लाख में। उनके कीवी साथी डेवन कॉन्वे करोड़पति बनकर चले चेन्नई। ऐलेक्स हेल्स, रासी वान दर दुसें, चरिथ असलंका और एविन लुइस अनसोल्ड रहे। टेस्ट क्रिकेट में तिहरा शतक बनाने वाले केवल दूसरे भारतीय करुण नायर को भी नहीं मिला ख़रीदार।
वेस्टइंडीज़ के तगड़े बल्लेबाज़ रोवमन पॉवेल पर चेन्नई और दिल्ली ने जताया भरोसा। 2 करोड़ 60 लाख में दिल्ली ने उन्हें अपना फ़िनिशर बनाया। जोफ़्रा आर्चर का नाम आते ही मुंबई और राजस्थान रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। आपको याद दिला दें कि जोफ़्रा इस सीज़न के लिए चोटिल हैं और खेलते हुए नज़र नहीं आएंगे। 8 करोड़ के इस दाम पर तो जोफ़्रा अगले ऑक्शन में कभी नहीं मिलते। इस सीज़न ना सही तो क्या, अगले साल जसप्रीत बुमराह और जोफ़्रा आर्चर मुंबई के लिए एक साथ खेलते नज़र आएंगे
चार साल बाद आईपीएल में वापसी करते हुए ऋषि धवन खेलेंगे पंजाब किंग्स के लिए। चेन्नई ने ख़रीदा ड्वेन प्रिटोरियस को वहीं शर्फ़ेन रदरफ़र्ड चले बेंगलुरु के पास। जॉर्ज गार्टन अनसोल्ड लेकिन डेनियल सैम्स गए मुंबई के पास। 1 करोड़ 90 लाख में फिर एक बार चेन्नई के लिए खेलेंगे मिचेल सैंटनर। रोमारियो शेफ़र्ड के लिए लखनऊ ने मुंबई को टक्कर दी लेकिन जीत नहीं पाए। अचानक से राजस्थान और हैदराबाद उतरे बीच मैदान में। अंततः लंबे युद्ध के बाद सनराइज़र्स को मिली जीत और 7 करोड़ 75 लाख के साथ हैदराबाद जाएंगे रोमारियो शेफ़र्ड। रहमानउल्ला गुरबाज़, ग्लेन फ़िलिप्स और बेन मैक्डरमट अनसोल्ड।
ऑस्ट्रेलियाई तेज़ गेंदबाज़ जेसन बेहरनडॉर्फ़ बेस प्राइस में गए आरसीबी के पास। नेथन एलिस, सिद्धार्थ कौल और फ़ज़ल हक़ फ़ारूक़ी को नहीं मिला ख़रीदार। राजस्थान ने ओबेद मकॉय को 75 लाख में ख़रीदा। जोफ़्रा आर्चर इस साल उपलब्ध हैं नहीं इसलिए तेज़ गेंदबाज़ी में मुंबई ने किया बड़ा निवेश। डेढ़ करोड़ में मुंबई ने टिमाल मिल्स को ख़रीदा। चेन्नई सुपर किंग्स ने 1 करोड़ 90 लाख में ख़रीदा ऐडम मिल्न को। ऐंड्रयू टाय, संदीप वॉरियर और रीस टॉप्ली हुए अनसोल्ड। तन्मय अग्रवाल, समीर रिज़वी, अपूर्व वानखेड़े, अथर्व अंकोलेकर और टॉम कोहलर-कैडमोर में भी किसी ने रुचि नहीं दिखाई। शुभ्रांशु सेनापति खेलेंगे एमएस धोनी की कप्तानी में।

अनकैप्ड तेज़ गेंदबाज़ों में अर्ज़ान नगवासवाला, वासु वत्स और यश ठाकुर रहे अनसोल्ड। यश दयाल के लिए बेंगलुरु, गुजरात और कोलकाता ने लगाई बोली। 3 करोड़ 20 लाख की मोटी रक़म ख़र्च कर गुजरात ने ख़रीदा यश दयाल को। सिमरजीत सिंह को ख़रीदा सीएसके ने। आकाश सिंह, मुज्तबा यूसुफ़ और कुलदीप सेन को नहीं मिला कोई ख़रीदार। इसी के साथ इस सेट का हुआ अंत। 5 मिनट के अंतराल के बाद त्वरित नीलामी शुरू होगी।

स्वादिष्ट भोजन के बाद नीलामी दोबारा शुरू होगी। अब नंबर आएगा अनकैप्ड ऑलराउंडरों का। इसमें भारतीय अंडर-19 टीम के कुछ सितारें हमें देखने को मिलेंगे। पहला नाम है ललित यादव का। पिछले साल दिल्ली के लिए खेले थे और इस बार भी जाएंगे कैपिटल्स के पास। रिपल पटेल के साथ भी उन्होंने ऐसा ही किया। इसके बाद बारी हैं भारतीय अंडर-19 टीम के कप्तान यश ढुल की। दिल्ली कैपिटल्स की क्रिकेट अकादमी के उभरते सितारे यश जाएंगे 50 लाख में दिल्ली के पास। हैदराबाद के युवा ऑलराउंडर तिलक वर्मा के लिए हैदराबाद, मुंबई, चेन्नई और राजस्थान के बीच हुई भिड़ंत और अंत में मुंबई ने इस छुपे रुस्तम को 1 करोड़ 70 लाख देकर अपनी टीम में जोड़ा। विराट कोहली की टीम में खेलेंगे महिपाल लोमरोर, 95 लाख में गए बेंगलुरु। अनुकूल रॉय को बेस प्राइस में कोलकाता ने और दर्शन नालकंडे को गुजरात ने ख़रीदा। अंडर-19 विश्व विजेता विकी ओस्तवाल अनसोल्ड वहीं संजय यादव गए मुंबई की मायानगरी
युवा तेज़ गेंदबाज़ी ऑलराउंडर राज अंगद बावा पर मुंबई और हैदराबाद के बीच छिड़ी जंग। 20 लाख की बेस प्राइस वाले राज 2 करोड़ में खेलेंगे पंजाब के लिए। इनके साथी खिलाड़ी राजवर्धन हंगारगेकर के लिए मुंबई को पछाड़कर चेन्नई के ख़र्च किए डेढ करोड़।

भोजन से पहले अंतिम सेट होगा अनकैप्ड बल्लेबाज़ों का। विराट सिंह और हिम्मत सिंह को ख़रीदने की हिम्मत किसी ने नहीं की। हिमांशु राणा, सचिन बेबी और अंडर-19 विश्व विजेता हरनूर सिंह को भी नहीं मिला ख़रीदार। 55 लाख देकर रिंकू सिंह को केकेआर ने अपनी टीम में वापस बुलाया। वहीं बेस प्राइस में लखनऊ गए मनन वोहरा। आंध्र प्रदेश के रिकी भुई के अनसोल्ड जाने के बाद यह सेट हुआ ख़त्म और टीमें लेंगी 45 मिनट का लंच ब्रेक

तेज़ गेंदबाज़ों के बाद अब नंबर आ गया स्पिनरों का। मयंक मार्कंडेय लौटेंगे मुंबई के खेमे में। तबरेज़ शम्सी और क़ैस अहमद को नहीं मिला कोई ख़रीदार। शाहबाज़ नदीम गए बेस प्राइस में लखनऊ के पास। श्रीलंका के मिस्ट्री स्पिनर महीश थीक्षना को अपने दल में जोड़ा चेन्नई ने। कर्ण शर्मा, पीयूष चावला और ईश सोढ़ी में किसी ने नहीं दिखाई दिलचस्पी और यह सेट हुआ समाप्त।

अगले सेट में होंगे तेज़ गेंदबाज़, चेतन साकरिया और जयदेव उनादकट पर लग सकती हैं बड़ी बोलियां। इशांत शर्मा, नेथन कुल्टर-नाइल और लुंगि एनगिडी रहे अनसोल्ड। वहीं सवा 5 करोड़ में ख़लील अहमद की बाज़ी मारी दिल्ली के कैपिटल्स ने। बेंगलुरु को पछाड़कर 2 करोड़ में दुश्मांता चमीरो को ख़रीदा लखनऊ ने। चेतन साकरिया में रुचि दिखाई बेंगलुरु और राजस्थान ने लेकिन अंत में 4 करोड़ 20 लाख में उन्हें ख़रीदने में क़ामयाब हुई राजधानी दिल्ली। पंजाब के संदीप शर्मा गए पंजाब किंग्स के पास। मुंबई को मात देकर नवदीप सैनी को अपना रॉयल बनाया राजस्थान ने। जयदेव उनादकट लगभग अनसोल्ड होने वाले थे लेकिन अंतिम समय पर मुंबई ने बोली की शुरुआत की। और चेन्नई को पीछे छोड़कर जयदेव को 1 करोड़ 30 लाख में ख़रीदा मुंबई ने

ऑलराउंडरों के अगले सेट की शुरुआत होगी टी20 क्रिकेट के नए सुपरस्टार लियम लिविंगस्टन के साथ। कोलकाता और पंजाब के बीच टकराव के बाद गुजरात टाइटंस उतरे मैदान में। साढ़े 11 करोड़ी बनकर लिविंगस्टन खेलेंगे पंजाब के लिए। जिमी नीशम और क्रिस जॉर्डन रहे अनसोल्ड वहीं डॉमिनिक ड्रेक्स, विजय शंकर और जयंत यादव को गुजरात ने अपना ऑलराउंडर बनाया। भारत के ख़िलाफ़ लंबे छक्के लगाने की क्षमता से सभी को प्रभावित करने वाले ओडीन स्मिथ के लिए टीमों के बीच छिड़ी जंग। आख़िरकार मोटी रक़म देकर पंजाब ने ख़रीदा ओडीन को। बाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज़ मार्को यानसन को मुंबई से छीनकर 4 करोड़ 20 लाख में अपना खिलाड़ी बनाया सनराइज़र्स हैदराबाद ने। भारतीय ऑलराउंडर शिवम दुबे को ख़रीदने में सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स ने दिखाई दिलचस्पी और 4 करोड़ में चेन्नई के लिए खेलेंगे दुबेजी। 90 लाख में कृष्णप्पा गौतम गए लखनऊ की नगरी और इसी के साथ यह सेट हुआ समाप्त।

दूसरे दिन की नीलामी शुरू होगी कैप्ड बल्लेबाज़ों के सेट के साथ। पहला नाम हैं साउथ अफ़्रीका के एडन मारक्रम का। 2 करोड़ 60 लाख में हैदराबाद के लिए खेलेंगे। अनुभवी अजिंक्य रहाणे एक करोड़ में बने कोलकाता के नाइट राइडर। डाविड मलान, ओएन मॉर्गन, सौरभ तिवानी, ऐरन फ़िंच और मार्नस लाबुशेन को नहीं मिला कोई ख़रीदार। आरसीबी और पंजाब के लिए खेलने के बाद अब दिल्ली के लिए खेलेंगे मंदीप सिंह। चेतेश्वर पुजारा भी रहे अनसोल्ड।

आज सबसे अधिक धन राशि के साथ ऑक्शन के मैदान में उतरेंगे पंजाब के किंग्स। कल गब्बर और रबाडा को ख़रीदने के बाद उनकी नज़र होगी बैक-अप खिलाड़ी खोजने पर। वहीं मुंबई को आज अपनी टीम को पूरा करना होगा। आज कई बड़े सितारें होंगे ऑक्शन में - अजिंक्य रहाणे, इशांत शर्मा, चेतन साकरिया, जयदेव उनादकट, लियम लिविंगस्टन, ओडीन स्मिथ, मार्को यानसन। बहुत मज़ा आएगा। ह्यू एडमीड्स ने एक वीडियो संदेश में बताया कि वह ठीक हैं और उन्होंने विश्व भर से उन्हें दुआएं देने वाले सभी दर्शकों का आभार व्यक्त किया। चारू शर्मा आज भी नीलामकर्ता की भूमिका निभाएंगे।

सुप्रभात। नमस्कार, आदाब, सत श्री अकाल, केम छो? मैं अफ़्ज़ल जिवानी फिर से आप सभी का स्वागत करता हूं ईएसपीएनक्रिकइंफ़ो हिंदी की मेगा ऑक्शन की लाइव कवरेज पर। पहले दिन भारतीय खिलाड़ियों का रहा बोलबाला वहीं कुछ अनुभवी खिलाड़ियों को नहीं मिला कोई ख़रीदार। आज भी एक रोमांचक दिन होने की पूरी उम्मीद है। पल पल की ख़बरें मैं आप तक लेकर आता रहूंगा। पहले दिन किस खिलाड़ी ने लगाई ऊंची छलांग? जानने के लिए पढ़िए हमारी विशेष रिपोर्ट - आंकड़ों में ऑक्शन

अफ़्ज़ल जिवानी (@jiwani_afzal) ESPNcricinfo हिंदी में सब एडिटर हैं।