रणजी ट्रॉफ़ी के पांचवें राउंड में शुक्रवार को कई अहम प्रदर्शन देखने को मिले, तो चलिए एक बार इन पर नज़र डाल लेते हैं।
दुबे का एक और शानदार प्रदर्शन
शिवम दुबे का 2024 शानदार रहा है। अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ प्लेयर ऑफ़ द सीरीज़ चुने जाने के एक महीने बाद अब उन्हें रणजी ट्रॉफ़ी में मुंबई की कप्तानी करने का सौभाग्य मिला है।
यह एक मौक़ा है जो तब पैदा हुआ जब नियमित कप्तान
अजिंक्य रहाणे हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण बंगाल के ख़िलाफ़ पांचवें दौर के मुक़बले से चूक गए और टीम के उप-कप्तान शम्स मुलानी को इंग्लैंड लायंस के ख़िलाफ़ मैच खेलना पड़ा।
दुबे ने बंगाल के ख़िलाफ़ ग्रुप बी मैच में ईडन गार्डन्स की हरी पिच पर 72 रनों की अहम पारी खेली। पिछले सप्ताह उत्तर प्रदेश के ख़िलाफ़ दुबे ने अपना तीसरा प्रथम श्रेणी शतक लगाया था, जबकि उन्होंने केरल के ख़िलाफ़ 51 रन के साथ सीज़न की शुरुआत की।
दुबे जब बल्लेबाज़ी के लिए आए तो स्कोर चार विकेट पर 87 रन था और उन्होंने सुयांश शेडगे के साथ 144 रनों की अहम साझेदारी की जिसमें शेडगे ने 71 रन बनाए। शेडगे रहाणे की जगह खेलते हुए डेब्यू कर रहे थे। यह बिहार के बाद दूसरा मैच है जब रहाणे मुंबई के लिए नहीं खेले हैं।
मुंबई के निचले क्रम के अहम योगदान की वजह से मुंबई छह विकेट पर 330 रन बनाने में क़ामयाब रहा, जिसमें तनुष कोटियान (55) और अथर्व अंकोलेकर (41) नाबाद लौटे।
जबकि छह महीने में अपना पहला पेशेवर मैच खेल रहे
पृथ्वी शॉ 35 रनों पर पवेलियन लौअ गए। बंगाल की ओर से सूरज जायसवाल ने 95 रन देकर तीन विकेट लिए।
कर्नाटका मैच में गिरे एक दिन में 16 विकेट
सूरत में पहले ही दिन 16 विकेट गिरे लेकिन बढ़त दिन के अंत में कर्नाटका के पास रही। रेलवेज़ को दो ही सत्र में 155 रन पर ढेर करने के बाद कर्नाटका ने दिन का अंत छह विकेट पर 90 रन के साथ किया।
कर्नाटका हाल ही में अस्पताल में भर्ती हुए मयंक अग्रवाल के बिना और इंडिया ए में अपनी सेवा दे रहे देवदत्त पडिक्कल के बिना मैदान में थी, जहां निकिन जोस टीम की कप्तानी कर रहे थे। जोस इस मैच में पहली ही गेंद पर आउट हुए और पिछली आठ पारियों में उन्होंने केवल दो बार ही दहाई का आंकड़ा छुआ है, जिसमें गोवा के ख़िलाफ़ ड्रॉ हुए मैच में 107 रन की पारी शामिल है।
जुयाल और करण ने उत्तर प्रदेश को दी ताक़त
मुंबई को पिछले सप्ताह हराने के बाद उत्तर प्रदेश ने असम के ख़िलाफ़ अहम शुरुआत की जहां
आर्यन जुयाल और
करण शर्मा के बीच तीसरे विकेट की नाबाद 240 रनों की साझेदारी के बाद यूपी ने दिन का अंत दो विकेट पर 319 रन के साथ किया।
ध्रुव जुरेल की अनुपस्थिति में यूपी के पहली पसंद के विकेटकीपर जुयाल हाल में शानदार फ़ॉर्म में हैं। उनके दोनों प्रथम श्रेणी शतक इसी सीज़न में आए हैं। उनके नाम एक अर्धशतक भी है। इस बीच, करण ने पिछले मैच के अपने शानदार फ़ॉर्म को आगे बढ़ाया है, जहां उन्होंने चोट से जूझते हुए मुंबई को तनावपूर्ण मुकाबले में हराया था।
अनमोलप्रीत और प्रभसिमरन ने चंडीगढ़ को चौंकाया
कल्पना कीजिए कि आप घर से बाहर एक मैच खेल रहे हैं और फिर घरेलू टीम अपने ही घर में कड़ी मेहनत करनी पड़ रही है? खै़र, चचेरे भाई
अनमोलप्रीत सिंह और
प्रभसिमरन सिंह ने शहर के सेक्टर-16 स्टेडियम में चंडीगढ़ के ख़िलाफ़ पंजाब के लिए यही किया। इस जोड़ी ने 137 रन की अटूट साझेदारी की जिससे पंजाब ने पहले दिन का अंत 2 विकेट पर 307 रन पर मज़बूती से किया। अनमोलप्रीत 136 रन पर थे, जबकि प्रभसिमरन 76 रन बनाकर नाबाद थे। सलामी बल्लेबाज नमन धीर ने 86 रन बनाए।
साई किशोर तमिलनाडु के लिए फिर चमके
दो जीत के बाद आत्मविश्वास की भारी लहर पर सवार होकर तमिलनाडु ने गोवा को 241 रन पर रोक दिया, जहां कप्तान
आर साई किशोर ने चार विकेट लिए। सुयश प्रभुदेसाई ने 104 रन बनाकर गोवा की लड़ाई का नेतृत्व किया, जो सीज़न का उनका तीसरा शतक है, जबकि कर्नाटका के पूर्व बल्लेबाज केवी सिद्धार्थ ने 69 रन का योगदान दिया। तमिलनाडु ने दिन का अंत बिना किसी नुकसान के 20 रन के साथ किया।
अन्य मैचों पर एक नज़र
वेंकटेश अय्यर के तीन विकेट की बदौलत हिमाचल 169 रन पर ढेर हो गया लेकिन बाद में दिन का अंत मध्य प्रदेश ने भी चार विकेट पर 69 रन के साथ किया।
ऋद्धिमान साहा ने नाबाद 59 रन बनाए लेकिन गुजरात त्रिपुरा के ख़िलाफ़ कंट्रोल में दिखा।
गत चैपिंयन सौराष्ट्र के लिए खेलते हुए
चेतेश्वर पुजारा केवल तीन रन बना सके और टीम 202 रन पर महाराष्ट्र के ख़िलाफ़ ऑलआउट हो गई। हालांकि बाद में दिन का अंत महाराष्ट्र ने भी सात विकेट पर 116 रन के साथ किया।
शशांक किशोर ESPNcricinfo में सीनियर सब एडिटर हैं। अनुवाद ESPNcricinfo हिंदी में सीनियर सब एडिटर निखिल शर्मा ने किया है।