स्मृति मांधना और ऋचा घोष के नाम दर्ज हुए कई शानदार रिकॉर्ड
भारत और वेस्टइंडीज़ के बीच खेले गए तीसरे T20I मैच में भारतीय खिलाड़ियों ने कई कीर्तिमान बनाए
संपत बंडारुपल्ली
20-Dec-2024
Smriti Mandhana ने तीसरे T20I में 70 रनों की दमदार पारी खेली • BCCI
गुरुवार को नवी मुंबई में वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ भारतीय महिला टीम ने एक शानदार जीत दर्ज की। इस मुकाबले में स्मृति मांधना सहित कई भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए नए रिकॉर्ड बनाए। आइए इस मैच से जुड़े अहम आंकड़ों पर एक नज़र डालते हैं।
217/4 - भारत ने नवी मुंबई में वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ 217/4 का स्कोर बनाया, जो महिला T20I में उनका सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले उनका सर्वोच्च स्कोर 201/5 था, जो उन्होंने इस साल एशिया कप में यूएई के ख़िलाफ़ बनाया था।
यह वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ इस फ़ॉर्मेट में किसी भी टीम द्वारा बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर भी है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने 2023 में नॉर्थ सिडनी ओवल में 212/6 का स्कोर बनाया था।
भारत का 217/4 का स्कोर महिला T20I में भारत में बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर भी है। इससे पहले 2018 में ऑस्ट्रेलिया ने त्रिकोणीय सीरीज़ के फ़ाइनल में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ 209/4 का स्कोर बनाया था।
30 - मांधना ने गुरूवार को 77 रनों की पारी खेली और इसके साथ ही T20I में उनके अर्धशतकों की संख्या 30 तक पहुंच गई। अब वह T20I में सबसे अधिक अर्धशतक लगाने वाली खिलाड़ी बन गई हैं। उन्होंने सूज़ी बेट्स के 29 अर्धशतकों का रिकॉर्ड तोड़ा।
18 - ऋचा घोष ने सिर्फ़ 18 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। यह महिला T20I में (जहां गेंद-दर-गेंद डेटा उपलब्ध है) संयुक्त रूप से सबसे तेज़ अर्धशतक है। सोफ़ी डिवाइन ने 2015 में भारत के ख़िलाफ़ और फीब़ी लिचफील्ड ने 2023 में वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ 18 गेंदों में अर्धशतक बनाए थे।
भारत के लिए इससे पहले सबसे तेज़ अर्धशतक का रिकॉर्ड 24 गेंदों में था, जो मांधना ने 2019 में वेलिंग्टन में न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ बनाया था।
8 - मांधना ने 2024 में अपने 30 T20I अर्धशतकों में से 8 अर्धशतक बनाए हैं। यह महिला T20I में किसी बल्लेबाज़ द्वारा एक कैलेंडर वर्ष में सबसे अधिक अर्धशतक हैं। उन्होंने 2018 में मिताली राज के सात अर्धशतकों का रिकॉर्ड तोड़ा।
763 - मांधना ने 2024 में T20I में 763 रन बनाए हैं। यह महिला T20I में एक कैलेंडर वर्ष में सबसे अधिक रन का रिकॉर्ड है। इस सूची में दूसरे स्थान पर चमरी अतापट्टू हैं, जिन्होंने इसी वर्ष 720 रन बनाए।
2 - भारतीय महिला T20I क्रिकेट में दो ऐसी बल्लेबाज़ हैं, जिन्होंने लगातार तीन या उससे अधिक मैचों में अर्धशतक बनाए हैं। इस सूची में मांधना का नाम अब जुड़ गया है। उनसे पहले केवल मिताली राज ने 2016 से 2018 के बीच चार मैचों में ऐसा किया था।
7 - 2024 में भारत ने महिला T20I में एक कैलेंडर वर्ष में 200+ रन के दो स्कोर बनाए हैं। भारत यह उपलब्धि हासिल करने वाला सातवां टीम है। फुल मेंबर्स टीम में इससे पहले केवल ऑस्ट्रेलिया ने 2019 में तीन बार ऐसा किया था।
14 - गुरुवार को भारत (7) और वेस्टइंडीज़ (7) ने मिलकर 14 सिक्सर लगाए। यह महिला T20I में संयुक्त रूप से दूसरा सबसे अधिक है। सबसे अधिक 15 सिक्सर साउथ अफ़्रीका और भारत ने 2018 में पॉटचेफस्ट्रूम में लगाए थे।
साथ ही भारत और वेस्टइंडीज़ द्वारा गुरुवार को बनाए गए कुल 374 रन इस फ़ॉर्मेट में संयुक्त रूप से छठा सबसे बड़ा मैच योग है।
54 - गुरुवार को डिएंड्रा डॉटिन ने 54 रन दिए, जो महिला T20I में वेस्टइंडीज़ के लिए किसी गेंदबाज़ द्वारा सबसे अधिक रन देने का रिकॉर्ड है। इससे पहले 2023 में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ आलियाह अल्लेयन ने चार ओवर में 53 रन दिए थे।