आंकड़े: साउथ अफ़्रीका का पहला वर्ल्ड कप फ़ाइनल, अफ़ग़ानिस्तान का न्यूनतम टी20आई स्कोर
साउथ अफ़्रीका और अफ़ग़ानिस्तान के बीच खेले गए पहले सेमीफ़ाइनल में बने रिकॉर्ड्स का लेखा-जोखा
संपत बंडारूपल्ली
27-Jun-2024
T20 वर्ल्ड कप 2024 के पहले सेमीफ़ाइनल में साउथ अफ़्रीका ने अफ़ग़ानिस्तान को 9 विकेट से हराकर फ़ाइनल में प्रवेश कर लिया है। यह एकतरफ़ा सेमीफ़ाइनल रहा, जिसमें साउथ अफ़्रीका ने अफ़ग़ानिस्तान को गेंदबाज़ी, बल्लेबाज़ी और फ़ील्डिंग, हर विभाग में मात दी। आइए देखते हैं इस मैच में और कौन-कौन से रिकॉर्ड बने?
1 साउथ अफ़्रीका ने पहली बार किसी विश्व कप के फ़ाइनल में जगह बनाई है। इससे पहले वे 1998 के ICC नॉकआउट टूर्नामेंट के फ़ाइनल में पहुंचे थे, जहां उन्हें जीत भी हासिल हुई थी।
8 यह इस विश्व कप में साउथ अफ़्रीका की लगातार आठवीं जीत है, जो किसी भी टी20 विश्व कप में किसी भी टीम का संयुक्त रिकॉर्ड है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने 2022 टी20 विश्व कप के अपने आख़िरी तीन और 2024 विश्व कप के पहले पांच मैच जीतकर यह रिकॉर्ड बनाया था। यह पहली बार भी है, जब साउथ अफ़्रीका ने लगातार आठ टी20आई मैच जीते हैं। इससे पहले उन्होंने 2009 और 2021 में लगातार सात मैच जीते थे।
56 अफ़ग़ानिस्तान ने इस मैच में सिर्फ़ 56 रन बनाए, जो कि उनका न्यूनतम टी20आई स्कोर है। इससे पहले उनका न्यूनतम स्कोर 72 ऑलआउट था, जो उन्होंने बांग्लादेश के ख़िलाफ़ 2014 टी20 विश्व कप के दौरान बनाया था।
यह साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ किसी भी टीम का न्यूनतम स्कोर है। इसी साल विश्व कप के दौरान श्रीलंकाई टीम, साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ 77 रनों पर ऑलआउट हुई थी।
1 अफ़ग़ानिस्तान का यह स्कोर टी20 विश्व कप के किसी भी नॉकआउट मैच का सबसे न्यूनतम स्कोर भी है। इससे पहले यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज़ के नाम था, जो कि 2012 के फ़ाइनल में उन्होंने श्रीलंका के ख़िलाफ़ बनाया था।
67 साउथ अफ़्रीका ने यह मैच 67 गेंद शेष रहते हुए जीत लिया, जो कि बचे गेंदों के हिसाब से उनकी सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले उन्होंने 2007 में पाकिस्तान को 51 गेंद शेष रहते हुए हराया था।
2 अफ़ग़ानिस्तान के स्कोर में सर्वाधिक रन अतिरिक्त (13) के आए। उनके बाद अज़मतउल्लाह ओमरज़ई ने सर्वाधिक 10 रन बने। इससे पहले आयरलैंड के 69 ऑलआउट के स्कोर में सर्वाधिक 19 रन अतिरिक्त के थे। यह मैच 2010 के टी20 विश्व कप के दौरान वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ खेला गया था।
17 इस विश्व कप में फ़ज़लहक़ फ़ारूक़ी के नाम 17 विकेट दर्ज हुए, जो कि किसी एक संस्करण में सर्वाधिक है। उन्होंने 2021 टी20 विश्व कप के वनिंदु हसरंगा के 16 विकेट का रिकॉर्ड तोड़ा।
संपत बंडारूपल्ली ESPNcricinfo में स्टैस्टिशियन हैं