मैच (23)
MLC (1)
ENG v WI (1)
IRE vs ZIM (1)
Men's Hundred (2)
एशिया कप (2)
विश्व कप लीग 2 (1)
Canada T20 (4)
Women's Hundred (2)
TNPL (3)
One-Day Cup (5)
SL vs IND (1)
ख़बरें

आईपीएल ऑक्शन 2022 : पहले दिन भारतीय खिलाड़ियों का रहा बोलबाला

किशन को मिली सर्वाधिक रक़म वहीं आवेश बने सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी

ब्रिजेश पटेल ने टीमों से आग्रह किया कि वह कल की त्वरित नीलामी के लिए 20-20 खिलाड़ियों की सूची सुबह 9 बजे से पहले प्रस्तुत करें। भारतीय समयानुसार कल दोपहर 12 बजे नीलामी का दूसरा दिन शुरू होगा। आज के लिए बस इतना ही। उम्मीद करते हैं कि आपको हमारी यह ऑक्शन कवरेज पंसद आई होगी और आप कल भी इसी जगह हमारे साथ जुड़ेंगे। जाते जाते हम आपको पहले दिन के बाद टीमों का हाल और बची हुई धन राशि की जानकारी देकर जा रहे हैं।

अब तक का हाल :

लखनऊ सुपर जायंट्स : केएल राहुल, क्विंटन डिकॉक, दीपक हुड्डा, मनीष पांडे, मार्कस स्टॉयनिस, जेसन होल्डर, रवि बिश्नोई, क्रुणाल पंड्या, मार्क वुड, आवेश ख़ान, अंकित राजपूत [कुल खिलाड़ी : 11, बची हुई राशि : 6.90 करोड़, विदेशी खिलाड़ी : 4]
राजस्थान रॉयल्स : देवदत्त पड़िक्कल, यशस्वी जायसवाल, संजू सैमसन, जॉस बटलर, शिमरन हेटमायर, आर अश्विन, ट्रेंट बोल्ट, युज़वेंद्र चहल, प्रसिद्ध कृष्णा, रियान पराग, केसी करिअप्पा [कुल खिलाड़ी : 11, बची हुई राशि : 12.15 करोड़, विदेशी खिलाड़ी : 3]
गुजरात टाइटंस : शुभमन गिल, जेसन रॉय, हार्दिक पंड्या, राशिद ख़ान, मोहम्मद शमी, लॉकी फ़र्ग्युसन, नूर अहमद, अभिनव मनोहर, आर साई किशोर, राहुल तेवतिया [कुल खिलाड़ी : 10, बची हुई राशि : 18.85 करोड़, विदेशी खिलाड़ी : 4]
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु : फ़ाफ़ डुप्लेसी, विराट कोहली, ग्लेन मैक्सवेल, मोहम्मद सिराज, हर्षल पटेल, वनिंदु हसरंगा, दिनेश कार्तिक, जॉश हेज़लवुड, शाहबाज़ अहमद, आकाश दीप, अनुज रावत [कुल खिलाड़ी : 11, बची हुई राशि : 9.25 करोड़, विदेशी खिलाड़ी : 4]
कोलकाता नाइट राइडर्स : वेंकटेश अय्यर, नितीश राणा, श्रेयस अय्यर, आंद्रे रसल, सुनील नारायण, पैट कमिंस, वरुण चक्रवर्ती, शिवम मावी, शेल्डन जैक्सन [कुल खिलाड़ी : 9, बची हुई राशि : 12.65 करोड़, विदेशी खिलाड़ी : 3]
चेन्नई सुपर किंग्स : ऋतुराज गायकवाड़, रॉबिन उथप्पा, मोईन अली, महेंद्र सिंह धोनी, रवींद्र जाडेजा, ड्वेन ब्रावो, अंबाती रायुडू, दीपक चाहर, तुषार देशपांडे, केएम आसिफ़ [कुल खिलाड़ी : 10, बची हुई राशि : 20.45 करोड़, विदेशी खिलाड़ी : 2]
मुंबई इंडियंस : रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, कायरन पोलार्ड, जसप्रीत बुमराह, इशान किशन, डेवाल्ड ब्रेविस, बेसिल थंपी, मुरुगन अश्विन [कुल खिलाड़ी : 8, बची हुई राशि : 27.85 करोड़, विदेशी खिलाड़ी : 2]
पंजाब किंग्स : शिखर धवन, मयंक अग्रवाल, कगिसो रबाडा, अर्शदीप सिंह, जॉनी बेयरस्टो, राहुल चाहर, शाहरुख़ ख़ान, इशान पोरेल, जितेश शर्मा, प्रभसिमरन सिंह, हरप्रीत बराड़ [कुल खिलाड़ी : 11, बची हुई राशि : 28.65 करोड़, विदेशी खिलाड़ी : 2]
दिल्ली कैपिटल्स : डेविड वॉर्नर, पृथ्वी शॉ, ऋषभ पंत, अक्षर पटेल, अनरिख़ नॉर्खिये, मिचेल मार्श, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, मुस्तफ़िज़ुर रहमान, कमलेश नागरकोटी, अश्विन हेब्बार, केएस भरत, सरफ़राज़ ख़ान [कुल खिलाड़ी : 13, बची हुई राशि : 16.50 करोड़, विदेशी खिलाड़ी : 4]
सनराइज़र्स हैदराबाद : केन विलियमसन, अब्दुल समद, उमरान मलिक, वॉशिंगटन सुंदर, निकोलस पूरन, भुवनेश्वर कुमार, टी नटराजन, अभिषेक शर्मा, प्रियम गर्ग, श्रेयस गोपाल, राहुल त्रिपाठी, जगदीश सुचित, कार्तिक त्यागी [कुल खिलाड़ी : 13, बची हुई राशि : 20.15 करोड़, विदेशी खिलाड़ी : 2]

आज के दिन का अंतिम सेट हैं अनकैप्ड स्पिनरों का। पहले खिलाड़ी हैं अफ़ग़ानिस्तान के नूर अहमद जो अपनी बेस प्राइस में गए गुजरात के पास। लेग स्पिनर की तलाश कर रही मुंबई ने मुरुगन अश्विन को अपना टार्गेट बनाया है शायद। लेकिन वह इतनी आसानी से मिलेंगे नहीं उन्हें। 1 करोड़ 60 लाग लगेंगे लेकिन अंततः मुंबई को मुरुगन अश्विन के रूप में मिल गया अपना लेग स्पिनर। एम सिद्धार्थ रहे अनसोल्ड। के सी करिअप्पा की मिस्ट्री स्पिन को मिल गया ख़रीदार, 30 लाख में बने राजस्थान के रॉयल। गोपाल की लेग स्पिन को पूरा श्रेय देते हुए हैदराबाद ने 75 लाख में श्रेयस गोपाल को ख़रीदा। कर्नाटका के बाएं हाथ के स्पिनर जगदीश सुचित भी गए चारमीनार की नगरी।
दिन के अगले खिलाड़ी होंगे आर साई किशोर। चेन्नई के साथ थे पिछले साल और इस बार पंजाब को पछाड़कर गुजरात ने साई किशोर को अपना टाइटन बनाया। नेपाल के लेग स्पिनर संदीप लमिछाने को नहीं मिला ख़रीदार और इसी के साथ आईपीएल 2022 की बड़ी नीलामी का पहला दिन हुआ समाप्त।

विकेटकीपरों के बाद अब बारी है अनकैप्ड तेज़ गेंदबाज़ों की। आवेश ख़ान इसी सेट में आएंगे। उनपर ज़रूर ध्यान देंगी टीमें। फ़िलहाल बेसिल थंपी के लिए मुंबई ने ख़र्च किए 30 लाख। अगले तेज़ गेंदबाज़ हैं युवा सुपरस्टार "हापुड़ एक्सप्रेस" कार्तिक त्यागी। मेट्रो शहर दिल्ली और चेन्नई कार्तिक को पंसद करते हैं और उन्हें करोड़पति बनाने पर तुले हुए हैं। हैदराबाद ने कहा "ऐसे कैसे मियां? हमकू होना ये बच्चा। ये लो 4 करोड़ और हमारकू दे दो।" इसी बीच बेंगलुरु ने 20 लाख देकर आकाश दीप को दोबारा अपने साथ जोड़ लिया। केएम आसिफ़ के साथ चेन्नई ने भी ऐसा ही किया।
जिस पल का इंतज़ार था वह घड़ी आ ही गई। आवेश ख़ान आ गए हैं इस बड़ी नीलामी में। चेन्नई और लखनऊ के बीच छीड़ी जंग लेकिन मुझे लगता है कि मुंबई जल्द ही इस दौड़ में अपना नाम दर्ज करेगी। और जैसा कि मैंने कहा था, 4 करोड़ के बाद मुंबई के मालिकों ने वॉर्म अप के बाद अपना हाथ खड़ा किया। साढ़े आठ करोड़ के साथ बोली लखनऊ के पक्ष में थी जब पुरानी टीम दिल्ली ने एक बोली लगाई। आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी बनेंगे आवेश। 10 करोड़ देकर अपना नया सुपर जायंट बनाया लखनऊ ने आवेश को। यह तो देखना होगा कि यह निवेश सही था या ग़लत।
इशान पोरेल चले पंजाब के पास वहीं तुषार देशपांडे को चेन्नई ने ख़रीदा। इस सेट के अंतिम तेज़ गेंदबाज़ हैं अंकित राजपूत। राजस्थान को मात देकर लखनऊ ने आधे करोड़ में उन्हें अपनी टीम में जोड़ा।

अगले सेट में होंगे अनकैप्ड विकेटकीपर बल्लेबाज़। सबसे पहले आएंगे केएस भरत। आरसीबी के पूर्व विकेटकीपर के लिए चेन्नई और दिल्ली के बीच घमासान युद्ध। और दो करोड़ की बोली के साथ जीत मिली दिल्ली को। केरला के मोहम्मद अज़हरुद्दीन और विष्णु विनोद को नहीं मिला ख़रीदार। विष्णु सोलंकी भी अनसोल्ड रहे। हालांकि अनुज रावत को मिलेगी अपनी टीम। बेंगलुरु और हैदराबाद टस से मस नहीं हो रहे थे और अंत में गुजरात को पीछे छोड़ 3 करोड़ 40 लाख की राशि के साथ बेंगलुरु ने अपना नया रॉयल चैलेंजर बनाया अनुज रावत को। विकेटकीपर ओपनर प्रभसिमरन सिंह के लिए पंजाब और लखनऊ ने दिखाई रुचि और 60 लाख में पंजाब में ही रहेंगे प्रभसिमरन। नारायण जगदीशन रहे अनसोल्ड तो 60 लाख में शेल्डन जैक्सन लौटे कोलकाता की नगरी। विदर्भ के जितेश शर्मा बेस प्राइस पर गए पंजाब के पास।

अगला सेट है ऑलराउंडरों का। इस सूची में पहला नाम है रियान पराग का। राजस्थान के लिए खेल चुके हैं। मध्य क्रम के धाकड़ बल्लेबाज़ की ज़रूरत है राजस्थान और गुजरात को। इसलिए दाम बढ़ता जा रहा है। अंततः 3 करोड़ 80 लाख में रॉयल बने रहेंगे रियान। हरफ़नमौला अभिषेक शर्मा के लिए पंजाब और हैदराबाद के बीच टकराव। पंजाब के रहने वाले अभिषेक क्या जाएंगे हैदराबाद के पास? मैं तो 'जी हां' कहने ही वाला था लेकिन अंतिम समय पर गुजरात टाइटंस ने हैदराबाद का काम ख़राब करने का प्रयास किया और दाम को साढ़े करोड़ तक आगे बढ़ाया। आख़िरकार सनराइज़र्स को मिल ही गए अभिषेक शर्मा। पांडा नाम से मशहूर सरफ़राज़ ख़ान को 20 लाख में दिल्ली ने अपना खिलाड़ी बनाया।
अबकी बार शाहरुख़ ख़ान का नंबर आ गया। राहुल नाम तो सुना होगा वाले नहीं बल्कि लंबे-लंबे छक्के लगाने वाले। शाहरुख़ ख़ान की टीम केकेआर इस शाहरुख़ ख़ान के लिए चेन्नई सुपर किंग्स से मुक़ाबला कर रही है। सात करोड़ की बोली के साथ पंजाब किंग्स भी मैदान में उतरे लेकिन चेन्नई पीछे हटने के मूड में नहीं है। दाम साढ़े आठ करोड़ के पार जा चुका है। आपको याद दिला दूं कि सवा नौ करोड़ रुपयों में अब तक के सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी हैं के गौतम। और गौतम शीर्ष स्थान पर बने रहेंगे क्योंकि शाहरुख़ के लिए अंतिम बोली 9 करोड़ की लगी। शाहरुख़ ख़ान पिछले साल पंजाब किंग्स में थे और इस बार भी वह पंजाब के गबरू बने रहेंगे
शिवम मावी के लिए कोलकाता और बेंगलुरु के बीच हलचल हो रही है। पिछले साल कोलकाता के लिए खेलते थे मावी और केकेआर को उन्हें दोबारा अपनी टीम में जोड़ने के लिए पंजाब और गुजरात का सामना करना पड़ रहा है। यूपी के छोरे के लिए लखनऊ ने भी दिलचस्पी दिखाई लेकिन वह कोलकाता के हाथों से उन्हें छीन नहीं पाए। सवा सात करोड़ में कोलकाता के नाइट बने रहेंगे मावी। राहुल तेवतिया के लिए दक्षिण भारत की चेन्नई और बेंगलुरु में बीच हुई भिड़ंत। गुजरात ने कहा कि हम भी अपना ज़ोर आज़मा लेते हैं और इस ऑलराउंडर के लिए साढ़े चार करोड़ से ऊपर की बोली लगाई। धीमी गति से ही सही लेकिन दाम आगे बढ़ता जा रहा है तेवतिया का। चेन्नई हटी पीछे और नौ करोड़ में गुजरात के नए टाइटन बने राहुल तेवतिया। मावी की तरह नागरकोटी पर भी कोलकाता ने खेला बड़ा दांव लेकिन वह दिल्ली का मुक़ाबला नहीं कर पाए। 1 करोड़ 10 लाख में नागरकोटी को छोड़ना पड़ा दिल्ली के लिए
ऑलराउंडर हरप्रीत बराड़ के लिए बेंगलुरु और पंजाब के बीच तालमेल में बोली लगाई जा रही है। पिछले साल पंजाब के लिए खेलते हुए हरप्रीत ने बेंगलुरु को धराशाई किया था और अब बेंगलुरु उनके पीछे भाग रही है। गुजरात ने भी उनमें रुचि दिखाई। लेकिन वह पंजाब को पछाड़ नहीं पाए। 3 करोड़ 80 लाख में हरप्रीत खेलेंगे पंजाब के लिए। अपने पुराने खिलाड़ी शाहबाज़ के लिए बेंगलुरु ने लगाई बोली और कोलकाता और हैदराबाद की जोड़ी को मात देकर 2 करोड़ 40 लाख में शाहबाज़ को ख़रीद लिया

20 मिनट के अंतराल के बाद बारी है अनकैप्ड खिलाड़ियों की। पहला नाम रजत पाटिदार का जो हुए अनसोल्ड। भारतीय अंडर-19 टीम के पूर्व कप्तान प्रियम गर्ग पर पुरानी टीम सनराइज़र्स ने लगाई शुरुआती बोली और उन्हें ब्रेस प्राइस में घर ले जाएंगे। कर्नाटका के पावर-हिटर अभिनव मनोहर सदारंगनी पर कई टीमों ने लगाई बोली। और इस ताबड़तोड़ बल्लेबाज़ को 2 करोड़ 60 लाख में ख़रीदा गुजरात टाइटंस ने। इसके बाद साउथ अफ़्रीका की अंडर-19 टीम के कप्तान डेवाल्ड ब्रेविस पर किंगस और सुपर किंग्स आमने-सामने। करोड़पति तो ज़रूर बनेंगे ब्रेविस। और केवल एक नहीं बल्कि तीन करोड़ लेकर मुंबई जाएंगे बेबी एबीडी। 20 लाख की बेस प्राइस पर अश्विन हेब्बार को ख़रीदा दिल्ली कैपिटल्स ने तो वहीं अनमोलप्रीत सिंह को नहीं मिला कोई ख़रीदार।
कोलकाता नाइट राइडर्स के तगड़े बल्लेबाज़ राहुल त्रिपाठी को सुमड़ी में ख़रीदना चाहते थे सुपर किंग्स लेकिन केकेआर इतनी आसानी से उन्हें जाने नहीं देगी। एक मिनट में उनका दाम 40 लाख से 7 करोड़ तक पहुंच गया और हैदराबाद भी इस दौड़ में शामिल हो गई। साढ़े आठ करोड़ की क़ीमत पर सनराइज़र्स में शामिल हुए राहुल त्रिपाठी। वहीं सी हरि निशांत पर नहीं लगी एक भी बोली।

तेज़ गति के बाद अब फिरकी गेंदबाज़ों पर लगेगी बोली। आदिल रशीद को नहीं मिला कोई ख़रीदार। मुजीब उर रहमान और इमरान ताहिर को भी नहीं मिली कोई टीम। तीन विदेशी स्पिनर के बाद अब नंबर आ गया कुलदीप यादव का। उत्तर भारत की दो टीमों - दिल्ली और पंजाब में हुई टक्कर और राजधानी दिल्ली विजेता बनकर उभरी। 2 करोड़ में कुलदीप बने कैपिटल्स के नए खिलाड़ी। ऐडन ज़ैम्पा में किसी ने दिलचस्पी नहीं दिखाई। हालांकि राहुल चाहर पर तो बोली लगना लगभग तय था। राशिद ख़ान को गंवाने के बाद सनराइज़र्स राहुल के पीछे भाग रही है लेकिन पकड़ नहीं पाई। ऐसा लग रहा था कि मुंबई अपने पसंदीदा लेग स्पिनर को जाने देगी लेकिन उन्होंने गुगली डालते हुए अंतिम समय पर बोली लगाई। लेकिन इस राहुल का नाम पंजाब किंग्स ने सुना था और सवा पांच करोड़ में वह पंजाब के शेर बने। अगला नाम युज़वेंद्र चहल। सनराइज़र्स और मुंबई दोनों चहल को अपनी टीम में शामिल करना चाहते हैं। लेकिन राजस्थान रॉयल्स आए और सभी के नाक के नीचे से उड़ा ले गए चतुर चहल को, साढ़े 6 करोड़ रुपयों में। अंत में अमित मिश्रा को किसी ने नहीं ख़रीदा और इसी के साथ यह सेट हुआ ख़त्म।

अगला सेट है तेज़ गेंदबाज़ों का। पहला नाम है टी नटराजन का। उन्होंने इस नीलामी से पहले ईएसपीएनक्रिकइंफ़ो को बताया था कि वह पुराने रूप में वापसी करना चाहते हैं। गुजरात और हैदराबाद की जंग में बाज़ी मारी सनराइज़र्स ने और 4 करोड़ में ख़रीदा। हरफ़नमौला दीपक चाहर का नंबर आ गया है। गेंद के साथ-साथ बल्लेबाज़ी से सभी को प्रभावित किया हैं दीपक ने। इस पावरप्ले विशेषज्ञ गेंदबाज़ का दीपक चमका और उन्होंने किया 10 करोड़ का आंकड़ा पार। उनकी पुरानी टीम चेन्नई भी उतर गई मैदान में। हैदराबाद और दिल्ली के बाद लड़ाई हुई चेन्नई और राजस्थान के बीच और आईपीएल इतिहास में नीलामी में अब तक की अपनी सबसे मोटी रक़म 14 करोड़ देकर दीपक चाहर को चेन्नई ने अपनी टीम में शामिल किया
उमेश यादव को नहीं मिला कोई ख़रीदार। अगली बारी है प्रसिद्ध कृष्णा की। हालिया सीरीज़ में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद सुप्रसिद्ध हो गए कृष्णा। लखनऊ, राजस्थान और गुजरात ने दिखाई उनमें दिलचस्पी। राजस्थान और लखनऊ ने उनकी बोली को 10 करोड़ के पार पहुंचाया और राजस्थान के रजवाड़े बने प्रसिद्ध कृष्णा। अगला नंबर है न्यूज़ीलैंड के लॉकी फ़र्ग्युसन का। उनके लिए गुजरात से भिड़ी दिल्ली। रबाडा के जाने के बाद दिल्ली को एक अच्छे तेज़ गेंदबाज़ की ज़रूरत हैं। लेकिन अंतिम समय पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु उतरी मैदान में और लॉकी ने तोड़ा 10 करोड़ का ताला और गए गरवी गुजरात के पास। जॉश हेज़लवुड के लिए चेन्नई, दिल्ली और लखनऊ ने लगाई शुरुआती बोली और अंतिम समय पर आरसीबी ने एंट्री मारी और हिंदी फ़िल्म को हीरो की तरह उन्होंने अंतिम समय पर हेज़लवुड को अपने साथ जोड़ा
मार्क वुड की तेज़ गति ने दिल्ली और लखनऊ को लुभाया और साढ़े सात करोड़ रुपयों में वह जाएंगे नवाबों की नगरी। आईपीएल के दिग्गज भुवनेश्वर कुमार के लिए लंबे समय तक इंतज़ार करने के बाद राजस्थान ने लगाई पहली बोली। रॉयल्स और मुंबई को पछाड़कर सनराइज़र्स ने भुवी को वापस ख़रीद लिया। 4 करोड़ 20 लाख में ऑरेंज आर्मी के लिए खेलेंगे भुवी। लॉर्ड ठाकुर के लिए पंजाब और गुजरात के बीच छिड़ी जंग। चेन्नई ने पिछले सीज़न से अपने एक और खिलाड़ी को ख़रीदने का प्रयास किया और दिल्ली ने भी बहती गंगा में हाथ धो लिए। लॉर्ड 10 करोड़ 75 लाख घर लेकर जाएंगे। दिल्ली ने कहा - यह ऑलराउंड कौशल हमको दे दे ठाकुर। 2 करोड़ के बेस प्राइस में दिल्ली के पास गए मुस्तफ़िज़ुर रहमान। इसी के साथ यह सेट हुआ समाप्त।

अगली सूची है विकेटकीपरों की। इशान किशन पर सभी की निगाहें रहेगी। मैथ्यू वेड को नहीं मिली टीम। अंबाती रायुडे के पीछे भागी सीएसके। डैडी आर्मी सीएसके में होगी रायुडू की वापसी। बारी आ गई सुपरस्टार इशान किशन की। मुंबई ने की बोली की शुरुआत। 5 करोड़ तक बोली चली गई है और अभी तो कहानी बस शुरू हुई है। इस दौड़ में टाइटंस भी शामिल हो गए। देखते ही देखते आंकड़ा पहुंच गया 10 करोड़ के पार। 15 करोड़ 25 लाख रुपयों में मुंबई के पास वापस जाएंगे इशान किशन। उस रिकॉर्ड तोड़ बोली के बाद अब नंबर है जॉनी बेयरस्टो का। सनराइज़र्स हैदराबाद को पछाड़कर बेयरस्टो को 6 करोड़ 75 लाख में ख़रीदा पंजाब किंग्स ने। दिनेश कार्तिक के अनुभव पर दांव खेला बेंगलुरु और चेन्नई ने। क्या अपने शहर चेन्नई में घर वापसी होगी दिनेश की? जी नहीं, साढ़े पांच करोड़ में वह बेंगलुरु की नगरी जाएंगे। ऋद्धिमान साहा और सैम बिलिंग्स को नहीं मिला कोई ख़रीदार। पूरन के लिए ज़ोरों-शोरों ने बोली लगाई चेन्नई, हैदराबाद और कोलकाता ने। इनकी बोली भी पहुंची 10 करोड़ के पार। 10 करोड़ 75 लाख में सनराइज़र्स की टीम में जाएंगे पूरन

चारू शर्मा ने बताया कि एडमीड्स ठीक हैं। सभी ने उनके लिए तालियां बजाई। हसरंगा की बोली जहां रोकी गई थी वहीं से शुरू की जाएगी। 10 करोड़ 75 लाख के साथ बोली इस समय बेंगलुरु के पक्ष में है। और इस दाम पर हसरंगा खेलेंगे आरसीबी के लिए। वॉशिंगटन सुंदर के ऑलराउंड कौशल के लिए गुजरात और पंजाब ने लगाई बोली। कैपिटल्स, सुपर जायंट्स और सनराइज़र्स ने भी बहती गंगा में अपने हाथ धो लिए। 8 करोड़ 75 लाख की अतिसुंदर बोली के साथ सुंदर जाएंगे चारमीनार की नगरी हैदराबाद। हार्दिक के बड़े भाई क्रुणाल की बोली की शुरुआत की पंजाब किंग्स ने। सुपर किंग्स, सुपर जायंट्स और सनराइज़र्स बड़ा दांव लगा रहे हैं इस ऑलराउंडर पर। सवा आठ करोड़ में लखनऊ जाएंगे क्रुणाल। क्रुणाल और दीपक हुड्डा अब एक ही टीम में खेलेंगे। टी20 विश्व कप विजेता के लिए पुरानी टीम हैदराबाद को टक्कर की टाइटंस और कैपिटल्स ने। दिल्ली के कैपिटल बने मिचेल मार्श। मोहम्मद नबी में किसी दिलचस्पी नहीं दिखाई और इसी के साथ यह सेट हुआ समाप्त।

नीलामकर्ता के बेहोश होने के बाद होटल के चिकित्सा कर्मचारियों ने उनका उपचार किया। समझा जा रहा है कि लो ब्लड-प्रेशर के कारण ऐसा हुआ था। फ़िलहाल के लिए वह ठीक हैं और नीलामी पौने चार बजे दोबारा शुरू होगी। बीसीसीआई के एक प्रवक्ता ने बताया कि एडमीड्स ठीक हैं। अब आज के लिए नीलामी की ज़िम्मेदारी संभालेंगे चारू शर्मा।

कैप्ड ऑलराउंडरों में चेन्नई ने ख़रीदा चैंपियन ड्वेन ब्रावो को 4 करोड़ 40 लाख में। अनुभव पर दांव खेला एक बार फिर गत चैंपियन टीम ने। नितीश राणा के लिए मुंबई और कोलकाता के बीच हुआ कड़ा मुक़ाबला और अंत में 8 करोड़ रुपयों में कोलकाता में वापस गए राणा जी। सभी की नज़रें जेसन होल्डर पर थी। मुंबई, चेन्नई, गुजरात, राजस्थान को पछाड़कर होल्डर को सुपर जायंट बनाया लखनऊ ने। 8 करोड़ 75 लाख में आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे वेस्टइंडीज़ खिलाड़ी बने होल्डर।
पिछले साल के प्लेयर ऑफ़ द टूर्नामेंट हर्षल पटेल के लिए आरसीबी, सीएसके और एसआरएच उतरे मैदान में। वह 10 करोड़ का आंकड़ा पार करने वाले दूसरे खिलाड़ी बने। 10 करोड़ 75 लाख में बेंगलुरु में घर वापसी हुई पर्पल पटेल की। रॉयल टीमों की लड़ाई में दीपक हुड्डा का हुआ फ़ायदा। 5 करोड़ 75 लाख में गए दीपक लखनऊ के पास। वनिंदु हसरंगा में कई टीमों ने दिखाई दिलचस्पी। मैच विनर हैं हसरंगा, लेग स्पिन के साथ-साथ फ़िनिशर की भूमिका में भी खेल सकते हैं। 10 करोड़ तो पक्का लेकर जाएंगे हसरंगा। श्रीलंका से इस लीग में खेलने वाले अब तक के सबसे महंगे खिलाड़ी भी बन गए। बोली चल रही थी और इसी बीच नीलामकर्ता ह्यू एडमीड्स बेहोश होकर गिर गए। हम उम्मीद करते हैं कि वह ठीक हैं। फ़िलहाल के लिए नीलामी को रोक दिया गया है। चिकित्सा टीम एडमीड्स का उपचार कर रही है और लंच ब्रेक ले लिया गया है।

अगला सेट होगा कैप्ड बल्लेबाज़ों का। मनीष पांडे हैं पहले बल्लेबाज़। उनकी पुरानी टीम सनराइज़र्स और उनके साथ लखनऊ और कैपिटल्स ने दिखाई दिलचस्पी। 4 करोड़ 60 लाख में सुपर जायंट बने मनीष। पिछले सीज़न में 123.75 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए थे पांडे जी ने।
पावर-हिटर शिमरन हेटमायर तो ज़रूर लेकर जाएंगे मोटे पैसे। दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स टस से मस नहीं हो रही है। स्पिन के ख़िलाफ़ लंबे छक्के लगाने के लिए जाने जाते हैं हेटमायर। इसलिए साढ़े 8 करोड़ ख़र्च किए उनपर राजस्थान रॉयल्स ने।
अनुभवी मैच-विनर रॉबिन उथप्पा पर शुरुआती बोली लगाई चेन्नई सुपर किंग्स ने और 2 करोड़ रुपयों में वह खेलेंगे डेडी आर्मी के लिए। गुजरात टाइटंस ने 2 करोड़ में ख़रीदा जेसन रॉय को। किलर मिलर बने पहले खिलाड़ी जिनपर कोई बोली नहीं लगी। आरसीबी ने अपने पुराने खिलाड़ी देवदत्त पड़िक्कल पर लगाई बोली। युवा देवदत्त को 7 करोड़ 75 लाख में मिलियन डॉलर बेबी बनाया राजस्थान ने। सुरेश रैना और स्टीव स्मिथ को भी नहीं मिली कोई टीम।

अभिषेक नायर (केकेआर) : (स्टार स्पोर्ट्स को बताते हुए) कमिंस हमारे लिए एक महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं। साथ में वह एक नेतृत्वकर्ता हैं। हमें उम्मीद थी कि और महंगे जाएंगे। श्रेयस जैसे क़ाबिल खिलाड़ी का हमारे साथ होना एक अच्छी बात है।

आख़िरी मार्की खिलाड़ी डेविड वॉर्नर का नंबर आ ही गया। अपने धाकड़ बाएं हाथ के ओपनर धवन के रिप्लेसमेंट को ढूंढ रही दिल्ली ने लगाई शुरुआती बोली और चेन्नई उनके पीछे पीछे चली आई। दिल्ली ने तो अपना मन बना लिया है लेकिन चेन्नई के खेमे में विचार-विमर्श चल रहा है। मुंबई ने भी अपना ज़ोर आज़माया लेकिन 6 करोड़ 25 लाख में दिल्ली कैपिटल्स की जर्सी धारण करेंगे टिक-टॉक सुपरस्टार वॉर्नर।

लंबे समय तक किसी ने क्विंटन डिकॉक के लिए बोली नहीं लगाई। फिर जब बोली की शुरुआत हुई तो चेन्नई और लखनऊ के बीच छिड़ गई जंग। फ़ाफ़ को गंवाने के बाद डिकॉक को ज़रूर ख़रीदना चाहेगी चेन्नई। मुंबई ने भी अपना चांस लिया। दिल्ली भी उतरी मैदान में और उन्होंने दाम बढ़ाने के बाद डिकॉक को 6 करोड़ 75 लाख में लखनऊ के पास जाने दिया।

फ़ाफ़ डुप्लेसी के लिए दिलचस्पी दिखाई पुरानी टीम चेन्नई और बेंगलुरु ने। दिल्ली ने भी पार्टी में शामिल होने का फ़ैसला किया। अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाज़ी के लिए मशहूर हैं डुप्लेसी। और सात करोड़ की बोली के साथ आरसीबी ने फ़ाफ़ को किया अपनी टीम में शामिल। कोहली को मिल गया एक आक्रामक ओपनर अब।

लाला मोहम्मद शमी का नंबर आ गया है। फिर एक बार आरसीबी ने की बोली की शुरुआत और टाइटंस ने भी अपना हाथ खड़ा किया। तेज़ गति से गेंदबाज़ी करते हुए विकेट चटकाने के लिए जाने जाते हैं शमी। इसलिए लखनऊ भी मैदान में उतरी। गौतम गंभीर शमी की गेंदबाज़ी के फ़ैन हैं इसलिए केकेआर से साथ शमी के लिए भिड़ रही है लखनऊ। 6 लाख की बोली इस समय आरसीबी के पक्ष में है और दाम बढ़ता ही जा रहा है। और अंतिम समय पर सवा 6 करोड़ में गुजरात टाइटंस के लिए खेलेंगे शमी।

अगले खिलाड़ी होंगे कप्तानी विकल्प श्रेयस अय्यर। आरसीबी ने की बोली की शुरुआत। देखते ही देखते दाम 4 करोड़ से ऊपर जा चुका है। दिल्ली के साथ-साथ लखनऊ भी उतर गई मैदान में। क्या इस बार अपनी पुरानी टीम में वापस जाएंगे श्रेयस? केकेआर ने भी वॉर्म अप करने के बाद बोली लगाने का फ़ैसला किया और 9 करोड़ 25 लाख के साथ श्रेयस अय्यर खेलेंगे केकेआर के लिए। जी नहीं, दिल्ली ने केवल दाम बढ़ाने के लिए एक और बोली लगाई। और गुजरात टाइटंस ने 10 करोड़ की बोली लगाई। इस नीलामी में 10 करोड़ का आंकड़ा पार करने वाले पहले खिलाड़ी बने श्रेयस अय्यर। याद रखिए केकेआर भी एक कप्तान की तलाश में हैं। और आख़िरकार 12 करोड़ 25 लाख में वह पहुंचे केकेआर के खेमे में

इसके बाद बोली लगाई जाएगी ट्रेंट बोल्ट पर। दोनों रॉयल टीमें - आरसीबी और आरआर जोरों-शोरों से उनपर बोली लगा रही हैं। शायद बेंगलुरु ने बोल्ट को अपना टार्गेट बनाया है। दोनों खेमे अपनी भावनाओं पर नियंत्रण रखते हुए सोच-समझकर बोलियां लगा रहे हैं। आरसीबी ने लगाई 5 करोड़ 50 लाख की बोली तो वहीं राजस्थान ने उसे 25 लाख से आगे बढ़ाया और जैसे ही काम पूरा हो रहा था मुंबई इंडियंस ने कहा - अभी हम ज़िंदा है। मामला 7 करोड़ से ऊपर पहुंच चुका है। पिछली बार 2 करोड़ 20 लाख में बिके थे बोल्ट। इस बार उनका दाम लगभग चार गुना बढ़ गया है और आठ करोड़ में वह खेलेंगे राजस्थान रॉयल्स के लिए

अगले खिलाड़ी हैं कगिसो रबाडा। दिल्ली ने फिर एक बार की बोली की शुरुआत। गुजरात टाइटंस ने कहा हमें भी यह खिलाड़ी चाहिए। छह करोड़ से ऊपर जा चुकी हैं रबाडा की बोली। इस समय आठ करोड़ की बोली गुजरात टाइटंस के पक्ष में हैं और अंतिम समय पर पंजाब किंग्स ने कहा - हम पीछे नहीं हटेंगे। और सभी के नाक के नीचे से उन्हें लेकर चले गए पंजाब किंग्स, 9 करोड़ 25 लाख रुपयों में

ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम के कप्तान पैट कमिंस के लिए उनकी पुरानी टीम कोलकाता ने लगाई बोली और नई टीम गुजरात ने भी दिखाई उनमें दिलचस्पी। चेहरे में मुस्कान रखते हुए आशीष नेहरा ने पांच करोड़ की बोली लगाई। लंबी जंग के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स ने 7 करोड़ 25 लाख रुपयों में अपने पुरानी खिलाड़ी को ख़रीद लिया

अगले मार्की खिलाड़ी होंगे रवि अश्विन। धवन के जाने के बाद दिल्ली ने अश्विन के लिए शुरुआती बोली लगाई। राजस्थान ने फिर एक बार उनका काम बिगाड़ने का फ़ैसला किया है। दोनों टीमें भारत के अनुभवी स्पिनर के लिए बोलियां लगा रही हैं। दिल्ली के मालिक किरण कुमार ग्रांधी और पार्थ जिंदल के बीच चर्चा के बाद उन्होंने 4 करोड़ 80 लाख की बोली लगाई। इसी के साथ दिल्ली कैपिटल्स का लगातार दूसरा खिलाड़ी गया किसी और टीम में। 5 करोड़ रुपयों में राजस्थान के लिए खेलेंगे रवि अश्विन। अश्विन और बटलर एक ही टीम में। इस बार नॉन स्ट्राइक छोर पर रन आउट नहीं देखने को मिलेगा।

आईपीएल के चेयरमैन ब्रिजेश पटेल के संदेश के साथ इस नीलामी की शुरुआत होगी। उन्होंने सभी चिकित्सा कर्मचारियों का धन्यवाद किया। उन्होंने बताया कि इस साल टाटा ग्रुप टाइटल प्रायोजक होगा। तो आईपीएल अब होगा टाटा आईपीएल 2022
कौन होगा इस नीलामी का पहला खिलाड़ी? हमारे अपने गब्बर शिखर धवन। राजस्थान रॉयल्स ने बोली की शुरुआत की 2 करोड़ के बेस प्राइस के साथ और दिल्ली कैपिटल्स ने उनके साथ जंग छेड़ दी है। दिल्ली ने लगाई 3 करोड़ रुपयों की बोली। दोनों टीमें धवन को अपनी टीम में शामिल करना चाहती हैं और टस से मस होने का नाम नहीं ले रही हैं। इस समय बोली 5 करोड़ तक पहुंच गई है। सोच विचार करने के बाद राजस्थान रॉयल्स ने हाथ खड़े किए और पंजाब किंग्स मैदान में उतर चुकी है। अब यह देखना होगा कि क्या गब्बर को आईपीएल में नया घर मिलेगा? बोली आठ करोड़ से ऊपर जा चुकी हैं और इसका अर्थ यह है कि धवन बनेंगे मिलियन डॉलर बेबी। पंजाब किंग्स ने 8 करोड़ 25 लाख में शिखर धवन को मयंक अग्रवाल का सलामी जोड़ीदार बनाया।

यह जानकारी आपको और कहीं नहीं मिलेगी। हम आपको बताएंगे हैं कि आज ऑक्शन टेबल पर हर टीम की ओर से कौन लेगा महत्वपूर्ण फ़ैसलें।
लखनऊ सुपर जायंट्स : संजीव गोएंका (मालिक), शाश्वत गोएंका, ऐंडी फ़्लावर (प्रमुख कोच), गौतम गंभीर (मेंटोर), रघुराम अय्यर (सीईओ), विश्लेषक
राजस्थान रॉयल्स : पनीष शेट्टी (विश्लेषक), ज़ुबिन भरुचा, जेक मक्क्रम (सीईओ), कुमार संगकारा (क्रिकेट निदेशक), जाइल्स लिंडसे, रंजीत बारठाकुर, रोमी भिंदर (टीम मैनेजर)
गुजरात टाइटंस : विक्रम सोलंकी (टीम निदेशक), आशीष नेहरा (प्रमुख कोच), गैरी कर्स्टन, आशीष कपूर, संदीप राजू, अमित सोनी, मोहित गोयल, अरविंदर सिंह
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु : प्रथमेश मिश्रा, राजेन मेनन, माइक हेसन, संजय बांगर, मालोलन रंगराजन, फ़्रेडी विल्डे
कोलकाता नाइट राइडर्स : वेंकी मैसूर, भरत अरुण, बी श्रीकांत, अभिषेक नायर, आर्यन ख़ान, सुहाना ख़ान, जाहन्वी मेहता
चेन्नई सुपर किंग्स : कासी विश्वनाथन, एल बालाजी, सुंदर रमन, लक्ष्मी नारायण, अरविंद शिवदास
मुंबई इंडियंस : नीता अंबानी, आकाश अंबानी, ज़हीर ख़ान, महेला जयवर्दना, राहुल सांघवी, देवांग भिमज्यानी, सी धनंजय
पंजाब किंग्स : नेस वाडिया, मोहित बरमन, अनिल कुंबले, सतिश मेनन, शंकर राजगोपाल, आशीष तुली, डैन वेंस्टन, एल सी गुप्ता
दिल्ली कैपिटल्स : किरण कुमार ग्रांधी, पार्थ जिंदल, विनोद बिष्ट, मुस्तफ़ा ग़ौस, प्रविण आमरे, सबा करीम
सनराइज़र्स हैदराबाद : के शनमुखम, टॉम मूडी, श्रीनाथ बाश्यम, ब्रायन लारा, मुथैया मुरलीधरन, काव्या मारन, साइमन कैटिच

इस बड़ी प्रतियोगिता में कई प्रमुख खिलाड़ी इस सीज़न की शुरुआत में उपलब्ध नहीं होंगे। कौन हैं यह खिलाड़ी और कब तक वह रहेंगे अनुपलब्ध? जानने के लिए पढ़िए हमारी विशेष रिपोर्ट। कम से कम तीन टीमों को इस सीज़न एक कप्तान की ज़रूरत हैं। ऐसे में कौन बन सकता है आरसीबी का कप्तान?

हमारे ऑक्शन एक्सपर्ट गौरव सुंदरारमन के अनुसार रणनीति से जुड़े यह पांच सवाल किसी भी टीम के लिए इस मेगा ऑक्शन को बना या बिगाड़ सकते हैं। उन्होंने हमारे साथी सौरभ सोमानी को अपनी विश-लिस्ट बताई है। चिंता मत कीजिए हम उनकी विश-लिस्ट आप तक लेकर आ रहे हैं।
चेन्नई - दीपक चाहर; बेंगलुरु - प्रसिद्ध कृष्णा; कोलकाता - राहल त्रिपाठी; लखनऊ - कगिसो रबाडा; गुजरात - इशान किशन; मुंबई - इशान किशन; दिल्ली - शिखर धवन; हैदराबाद - क्विंटन डिकॉक; राजस्थान - जोफ़्रा आर्चर; पंजाब - डेविड वॉर्नर

आठ टीमों द्वारा रिटेन किए गए खिलाड़ियों की सूची आपको यहां मिल जाएगी। इसके अलावा लखनऊ सुपर जायंट्स ने केएल राहुल, मार्कस स्टॉयनिस और रवि बिश्नोई को अपनी टीम में शामिल किया है। वहीं गुजरात टाइटंस ने हार्दिक पंड्या, राशिद ख़ान और शुभमन गिल को अपने साथ जोड़ा है।

इस बड़ी नीलामी से जुड़ी छोटी-छोटी मगर मोटी बातें आपको यहां मिल जाएगी। वैसे आपको याद दिला दें कि वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ वनडे सीरीज़ में अपना डेब्यू करने वाले दीपक हुड्डा अब कैप्ड खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए हैं। उन्होंने अपनी बेस प्राइस को बढ़ाकर 75 लाख रुपये भी कर दिया है।

नमस्कार, आदाब, सत श्री अकाल। स्वागत हैं आप सभी का ईएसपीएनक्रिकइंफ़ो हिंदी की लाइव कवरेज में। मैं हूं अफ़्ज़ल जिवानी और आज हम आप तक लेकर आएंगे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 की बड़ी नीलामी से जुड़ी पल पल की ख़बरें। तो बने रहिए हमारे साथ।

अफ़्ज़ल जिवानी (@jiwani_afzal) ESPNcricinfo हिंदी में सब एडिटर हैं।