रणजी ट्रॉफ़ी राउंड अप : पंजाब, कर्नाटका और मुंबई जीते
करुण नायर ने 2017-18 के बाद रणजी ट्रॉफ़ी में पहला शतक बनाया
ईएसपीएनक्रिकइंफ़ो स्टाफ़
27-Feb-2022
2017-18 के रणजी सेमीफ़ाइनल के बाद करुण नायर ने लगाया अपना पहला शतक • PTI
मुंबई ने गोवा को हराकर अपने रणजी ट्रॉफ़ी के सपने को बरक़रार रखा है। सौराष्ट्र के ख़िलाफ़ पहला मैच ड्रॉ होने के बाद मुंबई को अपनी संभावना बरक़रार रखने के लिए यह मैच जीतना ज़रुरी था। पहली पारी में 168 पर आलआउट होने के बाद यह संभावना और भी कम हो गई थी।
इसके बाद गोवा ने पहली पारी में 164 रन की बढ़त ले ली। हालांकि अजिंक्य रहाणे (56) और सरफ़राज़ ख़ान (48) ने दूसरी पारी में मुंबई की वापसी कराने की कोशिश की, लेकिन आदित्य तरे का छठा विकेट गिरने के बाद मुंबई की बढ़त महज़ 34 रन थी। लेकिन अंतिम चार विकेट ने 197 रन जोड़े। ऑफ़ स्पिनर तनुष कोटियान ने 98 और शम्स मुलानी ने 50 रन बनाकर गोआ के लिए 232 रन का लक्ष्य रखा।
बल्ले से योगदान देने के बाद बाएं हाथ के स्पिनर मुलानी ने गेंद से भी योगदान दिया। एक समय गोवा के स्कोर 55 रन पर सात विकेट था। अंतिम सत्र में गोवा के अंतिम विकेट ने 14 ओवर् तक बल्लेबाज़ी की और हार को टालने की कोशिश की। लेकिन कोटियान ने अंतिम विकेट लेकर मुंबई की 119 रन की जीत सुनिश्चित करा दी।
सौराष्ट्र ने भी ओडिशा को हराकर अपनी उम्मीदें जिंदा रखी है। चिराग जैनी के 235 रन की बदौलत सौराष्ट्र ने पहली पारी में 501 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके बाद सौराष्ट्र ने ओडिशा को 165 और 205 पर आलआउट कर पारी की जीत हासिल की।
बंगाल ने लीग की दूसरी जीत हासिल की। बंगाल के 239 रन के ज़वाब में हैदराबाद पहली पारी में 165 रन ही बना सकी। गेंद से कमाल दिखाने के बाद शाहबाज़ अहमद ने दूसरी पारी में 51 रन भी बनाए।
ग्रुप सी में कर्नाटका ने जम्मू कश्मीर को हराकर शीर्ष स्थान पर कब्ज़ा जमाया। करुण नायर ने 2017-18 के बाद रणजी ट्रॉफ़ी में पहला शतक बनाया। प्रसिद्ध कृष्णा ने छह विकेट लेकर जम्मू कश्मीर को पहली पारी में सस्ते में समेट दिया। इसके बाद नायर ने दूसरी पारी में भी नावेद 71 रन बनाए और कर्नाटका ने जम्मू कश्मीर को 508 का असंभव सा लक्ष्य दिया। कप्तान देव सिंह के शतक और अब्दुल समद की उपयोगी पारी की मदद से जम्मू कश्मीर ने 390 रन बनाए और कर्नाटका को 117 रन की जीत हासिल हुई।
ग्रुप ए में केरला और मध्य प्रदेश के बीच कांटे की लड़ाई है। दोनों ने अपने-अपने मैच जीत लिए। केरला ने रोहन कुन्नूमाल की दोनों पारियों में शतक की बदौलत गुजरात को हराया।
वहीं मनदीप सिंह के नाबाद 159 रन की बदौलत ग्रुप एफ़ के मैच में पंजाब ने हरियाणा को हरा दिया और अंक तालिक़ा के शीर्ष पर पहुंच गई। ग्रुप एच में दिल्ली ने झारखंड को हराया। ध्रुव शौरी के 136 और जोंटी सिद्धू के 59 रन की बदौलत दिल्ली ने 336 का लक्ष्य प्राप्त किया। हालांकि वह नॉकआउट के दौर से बाहर हो चुकी है।
प्लेट ग्रुप में नागालैंड दो जीत और एक बोनस अंक के साथ शीर्ष पर है।